लोहाघाट (चंपावत)। बुधवार रात अराजक तत्वों ने एक युवक के साथ मारपीट कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। पीड़ित व्यक्ति ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। हल्द्वानी में कार्यरत दीपक बिष्ट अपने रिश्तेदार के यहां शादी में आए थे।
उनका आरोप है कि दीपक फर्त्याल और उनके अन्य साथियों ने मारपीट की। कहा कि इन लोगों ने पिथौरागढ़ रोड पर शराब भड्डी के पास बीच सड़क में अपना वाहन खड़ा कर जाम लगाया था, जब उनसे गाड़ी साइड करने को कहा तो वे अभद्रता पर उतर आए। उन्होंने वहां से गाड़ी हटाकर खेतीखान तिराहे पर पुन: खड़ी कर दी।
इसके बाद आरोपियों ने उन्हें उनकी आल्टो कार से बाहर निकालकर मारा-पीटा और कपड़े फाड़ दिए। बिष्ट का कहना था कि उनके द्वारा पुलिस को घटना की जानकारी दी गई, लेकिन आधे घंटे तक भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। वह जैसे-तैसे जान बचाकर वहां से भागे। बाद में वह अपने जब वाहन को लेने आए तो एक बार फिर उनके ऊपर ईंट से प्रहार किया गया, जिससे वे बाल-बाल बचकर अपने वाहन को वहां से ले गए।
उन्होंने देर रात दीपक फर्त्याल और अन्य लोगों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 504, 506, 423 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना एसआई चंद्र सिंह रावत कर रहे हैं। अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।