वृद्ध को डोली से सड़क तक लाते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में अभी भी सैकड़ों ऐसे गांव हैं जहां आजादी के सात दशक बाद भी स्वास्थ्य और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं पहुंच सकी है। आए इसके कारण आए दिन ग्रामीणों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन्हीं में से एक है पाटी विकासखंड का दूरस्थ गांव नौलिया, जहां आज भी ग्रामीणों को सड़क तक पहुंचने के लिए 15 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी पड़ती है।
बुधवार को सीढ़ी से गिरने से नौलिया निवासी पान सिंह नौलिया (75) हाथ और पैर में गंभीर चोट लग गई। गांव में स्वास्थ्य और सड़क की सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने उन्हें डोली में बिठा कर 15 किलोमीटर दूर स्थित मोटर मार्ग देवली तक पहुंचाया। गांव में सड़क, स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं न होने से ग्रामीणों ने वर्ष 2014 में लोकसभा के चुनाव का पूर्ण बहिष्कार किया था।
बावजूद इसके प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने गांव की सुध नहीं ली। घायल को डोली में पहुंचाने वाले ग्रामीण पप्पू नौलिया, राजेंद्र नौलिया, गणेश नौलिया, नारायण चिलवाल, प्रकाश चिलवाल, पान सिंह, अशोक सिंह आदि का कहना है कि गांव में सड़क नहीं होने से सर्वाधिक गर्भवती महिलाओं और मरीजों को दिक्कतें आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की पहल नहीं की गई वह वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों का भी पूर्ण बहिष्कार करेंगे।