टनकपुर के तहसील सभागार में मां पूर्णागिरि मेले की व्यवस्थाओं की समीक्ष बैठक में निर्देश देते जि
टनकपुर (चंपावत)। डीएम नवनीत पांडे ने कहा कि अब तक मेले में पांच लाख से ज्यादा श्रद्धालु मां के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों से कहा कि यह सुनिश्चित कर व्यवस्था बना लें कि श्रद्धालुओं को मेले में पानी पीने के लिए पैसा न देने पड़ें। पूरे धाम में पेयजल की व्यवस्था बेहतर बनाई जाए।
मंगलवार को डीएम की अध्यक्षता में तहसील सभागार में मां पूर्णागिरि मेले की विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने जल संस्थान को मेले में पांच हजार और 10 हजार लीटर के रिजर्व टैंकों की व्यवस्था करने और पेयजल की निरंतरता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और सुरक्षा कर्मियों के लिए भी सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। डीएम ने कहा कि नवरात्र पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है, ऐसे में सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने यात्रा मार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रण के लिए रंबल स्ट्रिप्स लगाने और इन स्ट्रिप्स को नुकसान पहुंचाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में सुलभ एजेंसी ने बताया कि नवरात्र के दौरान सफाई कर्मियों की संख्या 70 से बढ़ाकर 90 कर दी गई है। इस दौरान यूपी सिंचाई विभाग से मेला क्षेत्र बनबसा में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने पर चर्चा की गई। इधर मां पूर्णागिरि मेला समिति अध्यक्ष किशन तिवारी ने मेले में कुछ स्थानों पर पेयजल और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की बात कही। बैठक में विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, एडीएम जयवर्धन शर्मा, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत तेज सिंह, सीएमओ डाॅ. देवेश चौहान, लोनिवि ईई एमसी पलड़िया, बिजली विभाग ईई विजय सकारिया, ईई पेयजल निगम वीके पाल, मेला मजिस्ट्रेट अलकेश नौडियाल, सीओ शिवराज सिंह आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिपं के ठेकेदार के प्रतिनिधियों को पार्किंग शुल्क अधिक न लेने के दिए कड़े निर्देश
डीएम नवनीत पांडेय ने पार्किंग शुल्क अधिक लेने के मामले को गंभीरता से लिया और जिला पंचायत के पार्किंग ठेकेदार के प्रतिनिधियों को निर्धारित शुल्क ही लेने के निर्देश दिए। अवगत कराया गया कि बूम, ठूलीगाड़ और भैरव मंदिर के लिए शुल्क निर्धारित है। इसमें बूम का 100 रुपये और भैरव मंदिर का 200 रुपये है। तीन सौ रुपये पर्ची वसूली के मामले सामने आने की बात कही गई।