रीठा साहिब गुरुद्वारा में शीश नवाने के बाद मेजर जनरल संदीप सिंह और उनकी पत्नी को सरोपा भेंट करते ?
- फोटो : CHAMPAWAT
भारतीय सेना के मेजर जनरल संदीप सिंह पहाड़ के कुदरती सौंदर्य से मंत्रमुग्ध हैं। यहां से 75 किलोमीटर दूर सिखों के पवित्र तीर्थ स्थल रीठा साहिब गुरुद्वारे में पत्नी के साथ शीश नवाने आए मेजर जनरल ने कहा कि गुरु नानक जी से जुड़े इस आध्यात्मिक स्थल में आकर वे खुद को धन्य महसूस कर रहे हैं। कहा कि गुरु नानक की धरती की पवित्रता, खूबसूरती, सेवा भाव और लोगों की सरलता ने उन्हें खूब आकर्षित किया है।
निजी यात्रा पर आए मेजर जनरल संदीप सिंह ने शनिवार शाम को रीठा साहिब गुरुद्वारे के दर्शन किए। गुरुद्वारे के प्रबंधक बाबा श्याम सिंह ने जनरल सिंह और उनकी पत्नी को प्रसाद के रूप में मीठे रीठे और सरोपा भेंट किया।
गुरुद्वारा प्रबंधक ने गुरुद्वारा परिसर का भ्रमण कराते हुए उन्हें गुरुद्वारे के एतिहासिक व आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी। इस मौके पर गुरुद्वारे के ग्रंथी राजवीर सिंह, सेवादार हयात राम सहित कई लोग मौजूद थे। गुरुद्वारे में करीब एक घंटा गुजारने के बाद मेजर जनरल लखनऊ रवाना हुए।
दियारतोली के 27 छात्रों ने किए गुरुद्वारे के दीदार
रीठा साहिब (चंपावत)। चंपावत ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज दियारतोली के 27 छात्र-छात्राओं ने रीठा साहिब का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने यहां के विख्यात गुरुद्वारे में मत्था टेका। गुरुद्वारे के प्रबंधक बाबा श्याम सिंह ने छात्रों को गुरुद्वारे की एतिहासिकता और रीठा साहिब से सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक जी महाराज के संबंधों की जानकारी दी।
बताया कि गुरुद्वारे से लगा बाबा ढेरनाथ का मंदिर भी है जो यहां के सामाजिक और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल है। शिक्षिका दीपिका उप्रेती, मनोज कुमार, जयकिशन कुमार, विद्यासागर भट्ट के नेतृत्व में आए छात्र-छात्राओं ने रीठा साहिब के अलावा आसपास के कई क्षेत्रों को भी देखा।
रीठा साहिब गुरुद्वारे के दर्शन करते जीआईसी दियारतोली के छात्र-छात्राएं।- फोटो : CHAMPAWAT