लोहाघाट (चंपावत)। कोरोना महामारी के चलते नेपाल सीमा से लगे मडलक में भैय्या दूज पर लगने वाले बगवाली मेले का आयोजन स्थगित कर दिया गया है। मेला नहीं होने से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में मायूसी है। महोत्सव समिति के अध्यक्ष पवन जोशी ने बताया कि सोमवार को होने वाले बगवाली मेले का आयोजन स्थगित कर दिया गया है। मेले में न तो देव रथ निकलेंगे और नहीं गांवों से जत्थे आएंगे। अलबत्ता सोमवार को परंपरा निभाते हुए मंदिर में पूजा-अर्चना की जाएगी।
भैय्या दूज पर मडलक क्षेत्र में हर साल मेला लगता है। समीपवर्ती नेपाल क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते थे। मेले के दौरान बगोटी, मजपीपल, मडलक और देवीमैत बुंगा से देवी रथ यात्राएं निकलती थी और ग्राम पंचायत गुरेली, सेलपेडू, सल्ला से देवी जत्थे आते थे, लेकिन इस बार कोरोना की वजह से ये सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए हैं। समिति ने लोगों से अपने-अपने घरों से ही देवी-देवताओं का आशीर्वाद लेने की अपील की है। इस मौके पर शंकर दत्त पांडेय, देव सिंह धौनी, धर्मानंद पांडेय, संतोक सिंह रावत, कमलाकांत पंत, आनंद जोशी, हरीश चंद्र, महेंद्र सिंह, बद्री सिंह, मिलाप सिंह, पूरन पंत, हरी सिंह, पूरन चंद्र लोहनी, भुवन भट्ट, भीम पंत, गणेश सिंह आदि मौजूद थे।