देव सिंह स्कूल में बच्चों की थर्मल स्केनिंग करते चिकित्सक। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
चंपावत/पिथौरागढ़।। कोरोना संक्रमण के चलते अटकी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं फिर से शुरू हो गई। इस दौरान सभी परीक्षार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई और उन्होंने पेपर देने से पहले मास्क भी वितरित किए गए। परीक्षा केंद्रों में सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन किया गया। मुख्य शिक्षाधिकारी आरसी पुरोहित ने बताया कि आज पहली पाली में हाईस्कूल की उर्दू विषय की परीक्षा और द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट जीव विज्ञान की परीक्षा आयोजित की गई। जिसमें संस्थागत में 531 परीक्षार्थियों में 526 परीक्षार्थी शामिल हुए।, जबकि व्यक्तिगत में पंजीकृत 17 परीक्षार्थियों में सभी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को हाईस्कूल संस्कृत और इंटरमीडिएट भूगोल तथा 24 जुलाई को हाईस्कूल गणित और इंटरमीडिएट संस्कृत विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
लोहाघाट में उर्दू का कोई परीक्षार्थी न होने के कारण दूसरी पाली में इंटरमीडिएट में जीव विज्ञान की ही परीक्षा हुई। सोमवार को उप शिक्षा अधिकारी हरेंद्र साह ने बताया कि जीजीआईसी में बने परीक्षा केंद्र में कुल 30 में से 30 छात्राओं ने परीक्षा दी और जीआईसी लोहाघाट में 57 में से 57 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। सभी परीक्षार्थियों की थर्मल स्कैनिंग की गई और मास्क, सैनिटाइजर दिए गए। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों में चेकिंग की जा रही है। इधर बाराकोट में प्रथम दिन में इंटर जीव विज्ञान की 23 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। दोपहर की परीक्षा होने के कारण पैदल आ रहे सभी परीक्षार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
पिथौरागढ़ जिले में इंटर जीव विज्ञान की बोर्ड परीक्षा 78 केंद्रों में शांति पूर्वक संपन्न हुई। जिले भर में 1574 बच्चों ने परीक्षा दी। परीक्षा में 32 बच्चे अनुपस्थित रहे। सोमवार को हुई इंटर जीव विज्ञान की परीक्षा के लिए 1606 बच्चे पंजीकृत थे। जिसके सापेक्ष 1574 बच्चों ने परीक्षा दी। परीक्षा में 32 बच्चे अनुपस्थित रहे। सीईओ अशोक कुमार जुकरिया ने बताया कि परीक्षा को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रत्येक विकासखंड में सचल दल बनाए गए हैं। जो प्रत्येक परीक्षा केंद्र में जाकर परीक्षा का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र में बच्चों थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है।
इसके बाद प्रत्येक बच्चे के हाथों को सैनिटाइज कर मास्क देकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने दिया जा रहा है। सीईओ अशोक कुमार जुकरिया ने केएनयू जीआईसी, जीजीआई, जीजीआईसी एंचोली, एसडीएस, विद्या मंदिर सहित कई विद्यालयों का निरीक्षण परीक्षा की जानकारी ली। देवसिंह इंटर कॉलेज में भी प्रधानाचार्य मोहन चंद्र पाठक ने परीक्षा छूटने के बाद बच्चों को कोविड से बचाव की जानकारी दी।