बाराकोट के बंतोली से माँ भगवती की डोला यात्रा निकालते भक्त।
- फोटो : बाराकोट के बंतोली से माँ भगवती की डोला यात्रा निकालते भक्त।
लोहाघाट (चंपावत)। चैत्र नवरात्र की अष्टमी के मौके पर विकासखंड बाराकोट के बापरू में मेला आयोजित किया गया। इस दौरान बंतोली और बापरू गांवों से मां भगवती की डोला यात्रा निकाली गई। मेले में शामिल हजारों लोगों ने मां भगवती का आशीर्वाद लिया।
बुधवार को सुहावने मौसम में बापरू और बंतोली गांवों से मां भगवती की डोला यात्रा निकाली गई। डोला यात्रा के पीछे महिलाएं मां का गुणगान करते हुए चल रही थीं। मंगलवार रात बापरू और बंतोली गांव में रात्रि जागरण भी हुआ जहां लोक देवताओं ने अवतरित होकर लोगों के कष्टों का निवारण किया। मेले में बाहरी स्थानों से आए व्यापारियों ने अपनी दुकानें भी लगाई थीं।
मेले में तल्ला बापरू, मल्ला बापरू, बंतोली, ऐडी, गुमौद, ग्वीनाड़ा, रेगडू, आगर आदि स्थानों से बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की। बापरू के ग्राम प्रधान नारायण सिंह, बंतोली के ग्राम प्रधान नारायण सिंह फर्त्याल ने बताया कि नवरात्र के दौरान गांव में भजन कीर्तन आयोजित किए गए। यहां देव डांगरों के लिए भंडारा किया गया। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार जताया।