चंपावत। आदर्श राजकीय महाविद्यालय देवीधुरा में लंबे संघर्ष के बाद सत्र 2026 से स्नातकोत्तर कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। महाविद्यालय में एमए हिंदी, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र विषय में 40-40 सीटें निर्धारित की गई हैं। प्रथम सत्र में एमए हिंदी में 15, राजनीति विज्ञान में 30 और समाजशास्त्र में 26 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है।
महाविद्यालय में कुल 452 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें बीए प्रथम से पंचम सेमेस्टर तक 339 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। एमए की पढ़ाई शुरू होने से अब विद्यार्थियों को बीए के बाद उच्च शिक्षा के लिए दूसरे स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। पूर्व में स्नातकोत्तर की कक्षाएं संचालित नहीं होने से कई विद्यार्थियों को बीए के बाद पढ़ाई छोड़नी पड़ती थी। इसका सबसे अधिक असर छात्राओं पर पड़ता था। अब छात्राएं भी इसी महाविद्यालय में उच्च शिक्षा ग्रहण कर सकेंगी।
पहली बार में 72 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश के लिए पंजीकरण किया था, लेकिन एक ने फीस जमा नहीं की। कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। अगली बार और अधिक प्रवेश होने की उम्मीद है। - डॉ. गीता, प्राचार्य, देवीधुरा महाविद्यालय