चंपावत में पांच किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर वितरित करते डीएम और अन्य अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में घरेलू गैस की आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने, दूरस्थ क्षेत्रों घरेलू गैस को आसानी से सुलभ कराने के लिए 5 किलोग्राम वजनी छोटे गैस सिलेंडरों की बिक्री शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने पूर्ति विभाग और इंडेन कर्मचारियों की मौजूदगी में छतार में गैस सिलेंडर वितरित कर छोटे गैस सिलेंडरों की बिक्री का शुभारंभ किया।
डीएम के निर्देश पर पूर्ति विभाग ने छोटे सिलेंडरों के वितरण के लिए 23 दुकानदारों से अनुबंध किया है। इनमें चंपावत में 6, देवीधुरा में 5, टनकपुर में 2 तथा लोहाघाट में 10 गैस एजेंसी को वितरण के लिए चयनित किया गया है। छोटे सिलेंडर का मूल्य 800 रुपये है। जिसकी रिफिलिंग 362 रुपये में की जा सकेगी। छोटे सिलेंडर से रसोई गैस की कालाबाजारी को रोकने में मदद मिलेगी तथा ध्याड़ी मजदूर तथा जरूरतमंद आसानी से रसोई गैस प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रशासन की तरफ से जिले के सभी 681 आंगनबाड़ी सेंटरों को भी यह सिलेंडर निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। छोटे सिलेंडर की आसानी से उपलब्धता से जंगल पर भी बोझ कम पड़ेगा। इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल, जिला क्रीड़ाधिकारी राजेंद्र सिंह धामी, गैस गोदाम के प्रभारी प्रदीप कार्की, जोगा दत्त सहित तमाम उपभोक्ता मौजूद रहे।
किसी तरह की आईडी की नहीं है आवश्यकता
चंपावत। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिले में प्रथम बार पांच किलोग्राम के गैस सिलेंडरों का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि मांग होने पर अन्य स्थानों पर भी इसकी एजेंसी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि छोटा सिलेंडर प्राप्त करने के लिए किसी भी तरह की आईडी की आवश्यकता नहीं है।