लोहाघाट (चंपावत)। देहरादून में आयोजित राज्य स्तर कराटे प्रतियोगिता में लोहाघाट के कराटे खिलाड़ियों ने सात स्वर्ण समेत कुल 26 पदक झटककर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। पदक विजेता खिलाड़ियों के लोहाघाट पहुंचने पर उनका स्वागत कर सम्मानित किया गया।
युवा भवन में जिला स्पोर्ट्स कराटे डो एसोसिएशन के अध्यक्ष और सोबोकान तानका सितोरियो कराटे उत्तराखंड चीफ लक्ष्मण बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित समारोह का शुभारंभ पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने किया। कराटे कोच दीपक अधिकारी ने बताया कि देहरादून के पीआरडी हॉल में आयोजित राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में लोहाघाट के खिलाड़ी पूरे राज्य में दूसरे नंबर पर रहे। कराटे खिलाड़ी देविना कन्याल ने एक स्वर्ण, एक रजत, वेदांस ढेक ने दो स्वर्ण, यश पांडेय ने एक स्वर्ण, एक कांस्य, नीरज रावत ने एक स्वर्ण, पियूष सिंह बोहरा ने स्वर्ण और कांस्य, प्राची ओली ने स्वर्ण और रजत, दिव्या गोस्वामी ने दो रजत, मयंक दुग्ताल ने एक रजत, एक कांस्य पद जीता।
खिलाड़ी अनामिका बिष्ट, परि भट्ट, धु्रविका शर्मा, किरन राय, हरीश सिंह ने एक-एक कांस्य और मानवी ढेक और भागेश तिवारी ने दो-दो कांस्य, सुनील सिंह ने रजत पदक प्राप्त किया। कोच अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले देविना कन्याल, यश पांडेय, नीरज रावत, पियूष बोहरा, प्राची ओली का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इस मौके पर प्राथमिक शिक्षक संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद बोहरा आदि मौजूद रहे।