सुतेडा-जमरेडी-कांतेश्वर मोटर मार्ग की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड लोहाघाट के सुतेड़ा-जमरेड़ी-कांतेश्वर सड़क की मांग के लिए क्षेत्रीय लोग मुखर हो गए हैं। ग्रामीणों ने जन प्रतिनिधियों, शासन प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। जल्द सड़क निर्माण की पहल शुरू न करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
राज्य आंदोलनकारी हिमेश कलखुड़िया के क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान सुतेड़ा गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने सड़क की मांग को प्रमुखता से उठाया। कहा कि सुतेड़ा से जमरेड़ी और कांतेश्वर के लिए सड़क की मांग के लिए स्थानीय जनता पिछले कई वर्षों से मांग कर रही है, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई भी कार्यवाही नहीं हुई है । इस सड़क के निर्माण के लिए लोनिवि, वन विभाग, राजस्व विभाग एवं जनप्रतिनिधियों की ओर संयुक्त निरीक्षण भी किया जा चुका है। इस मार्ग पर पड़ने वाले करीब 2.750 हेक्टेयर वन भूमि का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए शासन में लंबित है। प्रदर्शन करने वालों में उमेश शर्मा, दिनेश सिंह, कमल शर्मा, हरीश कुमार, मोहन शर्मा, दीपक सिंह, गोविंद सिंह, मदन सिंह ,कमल किशोर, किशन सिंह, प्रकाश सिंह आदि शामिल रहे।