लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट के नायब तहसीलदार आरटीपीसीआर जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनके कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद तहसील प्रशासन की ओर से कोरोना से बचाव के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
एसडीएम आरसी गौतम ने बताया कि नायब तहसीलदार विजय गोस्वामी का पूर्व में एंटीजन टेस्ट किया गया था, जिसमें उनकी रिपोर्ट नॉर्मल आई थी। बाद में उन्हें हल्का बुखार होने की शिकायत होने पर उनका आरटीपीसीआर सैंपल जांच के लिए हल्द्वानी भेजा गया। उप जिला अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. जुनैद कमर ने बताया कि रविवार देर शाम आई रिपोर्ट में नायब तहसीलदार कोरोना पॉजिटिव पाए गए। डॉ.जुनैद ने बताया कि एनटी गोस्वामी को आइसोलेट कर दिया गया है। इधर एसडीएम आरसी गौतम ने बताया कि नायब तहसीलदार के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद तहसील और एसडीएम कार्यालय परिसर को सैनिटाइज कराया जा रहा है। साथ ही सभी कर्मचारियों की कोरोना जांच कराई जाएगी। संवाद
महिला पुलिस कर्मी समेत पांच लोग और कोरोना संक्रमित
टनकपुर (चंपावत)। कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे के बीच बनबसा थाने की महिला पुलिस कर्मी समेत टनकपुर और बनबसा के पांच लोग और कोरोना संक्रमित मिले हैं। सभी संक्रमितों को आइसोलेट किया गया है। चिकित्साधिकारी डॉ. मो. उमर ने बताया कि 27 नवंबर को संयुक्त चिकित्सालय में की गई आरटीपीसीआर सैंपलिंग की रिपोर्ट में बनबसा थाने की महिला पुलिस कर्मी और एक अन्य व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं टनकपुर के तीन व्यक्तियों की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि पांचों संक्रमितों को आइसोलेट कर दिया गया है। संवाद
पिथौरागढ़ में कोरोना संक्रमण से बुजुर्ग की मौत
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में कोरोना संक्रमण से एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने बताया कि कोरोना संक्रमण से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। वह कुछ दिनों से एमएच में भर्ती थे। जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों आंकड़ा 28 पहुंच गया है। सोमवार को कोरोना के 36 मामले सामने आए हैं। इसमें 33 एंटिजन और तीन आरटीपीसीआर में पॉजिटिव आए हैं, जिसके बाद कोरोना बेस अस्पताल में एक्टिव केसों की संख्या 212 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने बाजार में काम के लिए आने वाले लोगों से मास्क पहनने के साथ ही दूरी बनाने की अपील की है। संवाद
जब तक दवाई नहीं तब तक ढिलाई नहीं के पोस्टर चस्पा किए
लोहाघाट (चंपावत)। कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए थाना पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान बगैर मास्क पहने बाजार में घूमने, वाहनों का संचालन करने वाले लोगों के चालान किए गए। सीओ ध्यान सिंह के निर्देशन में प्रभारी थानाध्यक्ष देवेंद्र मेहता के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने कोरोना से बचाव के लिए जागरूकता अभियान संचालित किया। नगर क्षेत्र में आने वाले व नगर क्षेत्र से बाहर जाने वाले समस्त टैक्सी वाहन चालकों को कोराना से बचाव की जानकारी दी। पुलिस ने वाहनों में दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी, जब तक दवाई नहीं तब तक ढिलाई नहीं के जागरूकता पोस्टर चस्पा किए। इस दौरान बिना मास्क पहने वाहन चलाने वाले चालकों, यात्रियों और बाजार में घूमने वाले करीब 60 लोगों के चालान किए गए। यहां कांस्टेबल राम लाल, राजेंद्र गिरि आदि शामिल रहे। संवाद