चंपावत। नेपाल सीमा से लगे तल्लादेश का आईटीआई (राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान) पांच साल बाद फिर से संचालित होने को तैयार है। दोनों ट्रेडों के लिए प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है मगर 43 प्रतिशत सीटें नहीं भर पाईं।
तल्लादेश के मंच गांव में सितंबर 2015 में खुला आईटीआई सुविधाओं की कमी की वजह से सवा दो साल बाद दिसंबर 2017 में बंद हो गया था। इसके बाद यहां के स्टाफ को दूसरी जगह संबद्ध कर दिया गया था। इस साल के शुरू में इस आईटीआई को फिर से संचालित करने की कवायद शुरू हुई। अक्तूबर में 195.47 लाख रुपये से निर्मित इस आईटीआई भवन को विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया है। इलैक्ट्रीशियन और कंप्यूटर ऑफ प्रोग्रामिंग एप्लीकेशन ट्रेड के लिए प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। चंपावत जिले के आईटीआई के नोडल अधिकारी कवींद्र सिंह कन्याल ने बताया कि इलैक्ट्रीशियन में 20 के सापेक्ष 12 और कोपा में 24 के सापेक्ष 13 प्रवेश हुए हैं।
दोनों नए ट्रेडों में प्रवेश प्रक्रिया पूरी
चंपावत। चंपावत जिले के दो आईटीआई में खुले एक-एक नए ट्रेड की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो गई है। वर्ष 1989 में स्थापित खेतीखान आईटीआई के इस सत्र से शुरू नए ट्रेड फैशन डिजाइन एंड टेक्रोलॉजी और 1984 से संचालित चंपावत आईटीआई के नए ट्रेड फिटर में प्रवेश पूरे हो गए हैं। दोनों ट्रेडों में 20-20 सीटें हैं।
पांच आईटीआई में अब भी ताला
चंपावत। जिले के नौ आईटीआई में से केवल चार (टनकपुर, चंपावत, खेतीखान और मंच) ही संचालित हैं। मंच को छोड़ शेष तीनों संस्थान नेशनल काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग (एनसीवीटी) से मान्यता प्राप्त हैं। वहीं स्टेट काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग (एससीवीटी) मान्यता प्राप्त पांच (तल्लादेश, बाराकोट, दिगालीचौड़, भिंगराड़ा, बनबसा और रेगड़ू) आईटीआई वर्ष 2017 से बंद हैं। इन संस्थानों में प्रवेश की अनुमति नहीं होने की वजह आधारभूत ढांचे और अन्य संसाधनों की कमी है। संवाद