चंपावत महाविद्यालय में तालाबंदी करते छात्र।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम सेमेस्टर में सीटों की संख्या बढ़ाए जाने समेत तीन सूत्री मांगों को लेकर छात्रसंघ ने महाविद्यालय में तालाबंदी कर विरोध जताया। छात्रों ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर पूर्व में दिए गए ज्ञापन में कोई कार्रवाई न होने पर आक्रोश जताया। आक्रोशित छात्रों ने महाविद्यालय के गेट पर ताले लगा दिए।
छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित कार्की के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में स्नातक स्तर में संस्कृत और शिक्षाशास्त्र विषय की मंजूरी दिए जाने, बीए में सीटें बढ़ाने और स्नातकोत्तर में हिंदी, समाजशास्त्र और इतिहास विषयों में पद सृजित करने की मांगें उठाई गई। छात्रों का कहना था इंटरमीडिएट स्तर पर चुने गए विषय महाविद्यालय में नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में भी छात्रों की ओर से कई बार इस संबंध में शासन और महाविद्यालय प्रशासन को बताने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। इसके चलते उन्हें तालाबंदी जैसा कठोर निर्णय लेना पड़ रहा है। तालाबंदी करने वालों में उपाध्यक्ष रवि शंकर, महासचिव प्रेम जोशी, कैलाश नाथ गोस्वामी, आशीष गिरि, विनोद बोहरा, अंकित खर्कवाल आदि रहे।