चंपावत महाविद्यालय में तालाबंदी के बाद धरने पर बैठे छात्र।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। राजकीय पीजी कॉलेज में बीए प्रथम सेमेस्टर में सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर छात्रों ने कॉलेज में अनिश्चितकालीन तालाबंदी शुरू कर दी। इसके बाद छात्रों ने महाविद्यालय परिसर में स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के पास धरना दिया।
सोमवार को छात्रसंघ उपाध्यक्ष किरन देव के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने बीए प्रथम सेमेस्टर में सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर कॉलेज में अनिश्चितकालीन तालाबंदी शुरू कर दी। छात्रों का कहना है कि जिन छात्र-छात्राओं ने बीए प्रथम सेमेस्टर में ऑनलाइन पंजीकरण कराया था उन्हें अब तक प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। वर्तमान में कोरोना महामारी के चलते छात्रों को अन्यत्र प्रवेश लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। छात्र संघ की ओर से इससे पूर्व भी सीटों को बढ़ाने के लिए कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन सीटें नहीं बढ़ने से कई छात्र-छात्राएं प्रवेश से वंचित हो गए हैं। छात्रों ने कहा कि यदि महाविद्यालय और कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्र हित में निर्णय नहीं लिया जाता है तालाबंदी जारी रखने के साथ उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। तालाबंदी करने और धरना देने वालों में छात्र संघ उपाध्यक्ष किरन देव, मनीष महर, मनीष चौधरी, अमन टम्टा, आकाश टम्टा, अंकित खर्कवाल, कुशाग्र वर्मा, मुन्ना देव, नेहा जोशी, अंकित जोशी, अंजलि खर्कवाल, पूजा खर्कवाल, निशा खर्कवाल, मनीषा कठायत आदि छात्र शामिल रहे।