चंपावत। टनकपुर-चंपावत एनएच पर हल्के वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। फिलहाल सिर्फ चंपावत से टनकपुर की तरफ वाहनों की आवाजाही की अनुमति होगी। भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
रविवार को कड़ी मशक्कत के बाद एनएच पर स्वाला में मलबा हटाकर टनकपुर-चंपावत एनएच को सुचारु कर दिया गया। धौन, स्वाला क्षेत्र में फंसे वाहनों को टनकपुर की तरफ रवाना किया गया। इससे 10 दिनों से यहां फंसे ट्रक चालकों ने राहत महसूस की है। हालांकि इस दौरान एक वाहन कुछ देर के लिए फंस गया लेकिन उसे किसी तरह निकाल कर रवाना किया गया।
डीएम मनीष कुमार ने बताया कि एनएच डेंजर जोन पर एक-दो दिन वाहनों के संचालन की स्थिरता को देखा जाएगा। अगर सब कुछ ठीक रहा तो भारी वाहनों का भी संचालन शुरू कराया जाएगा। परीक्षण कराने के बाद एनएच की रिपोर्ट के आधार पर ही भारी वाहनों का संचालन कराया जाएगा। डीएम ने कहा कि आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही कराई जाएगी। स्थायी समाधान पर भी कार्य किया जाएगा।
एनएच के सहायक अभियंता पिछले से रख रहे नजर
एनएच के सहायक अभियंता एनसी टम्टा पिछले साल से डेंजर जोन पर नजर रखे हुए हैं। सितंबर 2024 और 2025 में भी वह मौके पर दिन-रात डटे रहे। उन्होंने बताया कि इस स्थान पर एक तरफ पानी के साथ मलबा गारा बनकर गिर रहा है। ऐसे में वाहनों का संचालन दोनों तरफ से कराना आसान नहीं होगा। एनएच के एसई रमेश पांगती और ईई दीपक जोशी मौके पर डटे हैं।
हल्द्वानी-देवीधुरा मार्ग से मैदानी इलाकों में जा रही रोडवेज बसें
पिछले 10 दिनों से स्वाला डेंजर जोन के पास बंद एनएच के कारण रोडवेज बसें हल्द्वानी-देवीधुरा मार्ग से मैदानी इलाकों में जा रही हैं। इससे चंपावत से यात्रियों को दिल्ली, देहरादून, टनकपुर आदि क्षेत्रों में जाने के लिए समस्या हो रही है। चंपावत रोडवेज स्टेशन प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि एनएच बंद होने के कारण रोडवेज बसों का संचालन लोहाघाट से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शनिवार को पिथौरागढ़ से चंपावत रोडवेज की बस संचालित की गई, जो यात्रियों को लेकर रविवार सुबह पिथौरागढ़ रवाना हो गई। बसें संचालित नहीं होने से रोडवेज स्टेशन भी सूना पड़ा है।
सुबह नौ से पांच बजे तक ही होगा आवागमन
एसपी अजय गणपति ने रविवार को स्वाला मार्ग का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर आवाजाही का समय निर्धारित किया गया है। चंपावत से टनकपुर जाने वाले हल्के वाहन सुबह नौ से शाम पांच बजे तक स्वाला मार्ग से गुजर सकेंगे। शाम पांच से सुबह नौ बजे तक रोड बंद रखी जाएगी।
इसी तरह टनकपुर से चंपावत आने वाले छोटे वाहन का संचालन ककराली गेट से छतकोट–सिप्टी मार्ग पर सुबह छह बजे से शाम पांच बजे तक होगा। शेष समय में रोड बंद रहेगी। टनकपुर से चंपावत आने वाले छोटे वाहन सिप्टी मार्ग से आवागमन करेंगे। भारी वाहन दोनों ओर स्वाला और सिप्टी मार्ग पर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। भारी वाहनों की आवाजाही देरीधुरा मार्ग से होगी।