गैस सिलेंडर में रिसाव, रेस्टोरेंट में आग लगी
- फोटो : अमर उजाला
नगर के हनुमान मंदिर रोड पर एक रेस्टोरेंट में रसोई गैस सिलेंडर में रिसाव होने से आग लग गई। आग लगने से अफरातफरी मच गई। जलते हुए सिलेंडर को बाहर को बाहर फेंकने में रेस्टोरेंट स्वामी के हाथ जल गए। लोगों और फायरब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हनुमान मंदिर मार्ग पर यूनियन बैंक के पास अमित रेस्टोरेंट में चाय और समोसे बनाते वक्त सिलेंडर में आग पकड़ गई। आग के कारण खाने का सामान, फर्नीचर, रेफ्रिजरेटर में जल गए। रेस्टोरेंट स्वामी अमित सिंह ने साहस का परिचय देते हुए जलते हुए सिलेंडर को बाहर लाकर सड़क पर फेंक दिया।
देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और उन्होंने रेत और पानी की सहायता से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। फायरब्रिगेड की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सिलेंडर बाहर फेंकने में दुकान स्वामी अमित के हाथ, मुंह, सिर और पांव झुलस गए। उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया। डॉ.रवींद्र बोहरा ने बताया कि अमित की हालत खतरे से बाहर है। आग बुझाने में फायरब्रिगेड के अलावा मनोज जोशी, पवन राय, भगवान सिंह, राजेश चौबे आदि ने सहयोग किया।