पूर्णागिरि धाम में पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरककर रोड पर गिरा
- फोटो : अमर उजाला
पूर्णागिरि मार्ग पर मंगलवार की रात पहाड़ी का एक हिस्सा दरक कर रोड पर गिरने से यातायात ठप हो गया, लोक निर्माण विभाग की टीम मलबा हटाकर मार्ग खोलने में जुटी है। मलबा अधिक होने से अगले 48 घंटे तक मार्ग खुलने के आसार नहीं है। यातायात ठप होने से मां पूर्णागिरि के दर्शन को गए यात्रियों के करीब दस वाहन फंस गए है।
यात्रियों को दर्शन किए बगैर लौटना पड़ा। वहीं चुनाव के चलते क्षेत्र में टैक्सी गाड़ियां न होने से यात्रियों को पूर्णागिरि से टनकपुर तक पैदल आवाजाही करनी पड़ी।
ठुलीगाड़ (पूर्णागिरि) से टनकपुर-जौलजीबी सड़क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, वहीं लोनिवि द्वारा ठुलीगाड़-भैरव मंदिर मार्ग के संकरे हिस्से को चौड़ा करने का काम चल रहा है। बताया जाता है कि मंगलवार को कार्यदायी एजेंसियों ने हनुमान चट्टी के समीप लादीगाड़ में संकरे हिस्से की पहाड़ी को काटकर चौड़ा किया था, लेकिन रात में अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसक कर सड़क पर आ गिरा।
इससे पूर्णागिरि मार्ग पर यातायात ठप हो गया है। दर्शन को गए श्रद्धालु तो जैसे-तैसे जोखिम उठाकर पैदल आ गए, लेकिन उनके करीब दस निजी वाहन पूर्णागिरि में फंस गए हैं। इधर बुधवार को पूर्णागिरि के दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं को भी बगैर दर्शन किए हनुमान चट्टी से वापस पड़ा है। लोनिवि के सहायक अभियंता एपीएस बिष्ट ने बताया कि पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसक कर मलबा सड़क में आया है इसे जेसीबी लगाकर हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मलबा ज्यादा होने से अगले 48 घंटे तक मार्ग को खोला जाना संभव नहीं है।