लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड लोहाघाट के ग्राम तल्ला खतेड़ा के ललित डांगी ने सेना में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। ललित के सैन्य अधिकारी बनने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
पासिंग आउट परेड के बाद युवा गांव पहुंचने पर ललित का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। मूल रूप से खतेड़ा निवासी वर्तमान में शिक्षा विभाग लखनऊ में चतुर्थं श्रेणी के पद पर कार्यरत राम सिंह डांगी और माता गृहणी गंगा देवी के पुत्र ललित ने प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय खतेड़ा से ग्रहण की। शिक्षा भारती खटीमा से इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण करनेे के बाद ललित का सीधे एनडीए में चयन हो गया। एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले ललित ने 12 जून को देहरादून में हुई पासिंग परेड में शामिल हुए। ललित के सैन्य अधिकारी बनकर पहली बार अपने घर पहुंचने पर चाचा राजेंद्र सिंह डांगी, ताऊ कृष्ण सिंह डांगी, दादा मान सिंह डांगी, दादी पार्वती देवी, हयात सिंह डांगी, नारायण सिंह डांगी आदि ने स्वागत किया।