टनकपुर में वट वृक्ष की पूजा करती श्रद्घालु महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
वट सावित्री का व्रत सुहागिन महिलाओं ने उत्साह के साथ मनाया। महिलाओं ने बालेश्वर मंदिर के निकट वट वृक्ष का पूजन किया। पंडित खिलानंद पांडेय ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। अखंड सौभाग्य के लिए सुहागिन महिलाओं ने वट वृक्ष का पूजन किया। पंडित खिलानंद पांडेय ने बताया कि वट सावित्री का व्रत ज्येष्ठ मास कृष्ण पक्ष की अमावस्या को मनाया जाता है।
इस दिन महिलाएं उपवास कर वट वृक्ष की पूजा करतीं हैं। उन्होंने बताया कि सावित्री मद्र देश के राजा अश्वपति की पुत्री थी। राजा अश्वपति ने सावित्री का विवाह सत्यवान से किया। नारद मुनि ने कहा कि सत्यवान की आयु एक वर्ष शेष रह गई है। राजा ने अपनी पुत्री का विवाह अन्य युवक से करने की बात कही। लेकिन सावित्री ने कहा कि उसने मन, क्रम और वचन से सत्यवान को पति मान लिया है। बाद में सावित्री का विवाह सत्यवान के साथ हो गया।
पति की मृत्यु के तीन दिन पूर्व से सावित्री ने उपवास करना शुरू कर दिया। पति सत्यवान की मौत होने के बाद जब यमराज सत्यवान के प्राण ले जाने लगे तो सावित्री भी सत्यवान की पीछे पीछे चलने लगी। हार कर यमराज ने सावित्री से वर मांगने को कहा। जिस पर सावित्री ने अंधे सास ससुर की की नेत्र ज्योति और सत्यवान का खोया राजपाठ मांग लिया।
तीसरे वरदान के रूप में उसने सौ पुत्र मांगने की बात कही। अनजाने में यमराज ने तथास्तु कह दिया। इस पर यमराज को सत्यवान को जीवित करना पड़ा। तभी से वट सावित्री का व्रत प्रचलित हुआ।
टनकपुर में भ्ाी महिलाओं ने मंगलवार को वट वृक्ष (बरगद) की पूजा कर पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य की कामना की। पूजा के लिए सुबह से ही व्रतधारी सुहागिन महिलाओं का वट वृक्षों पर तांता लगा रहा। उन्होंने वट वृक्ष के नीचे बांस का पंखा, लाल धागा, धूप, मिट्टी के दीये, घी, फूल, फल, सिंदूर, जल से विधि-विधान के साथ सत्यवान-सावित्री की पूजा की। वट सावित्री पर्व की महत्ता सती सावित्री द्वारा पति के प्राणों की रक्षा से जुड़ी है।