बनबसा (चंपावत)। केवि क्रमांक एक में न्यूनतम साझा कार्यक्रम के तहत प्राथमिक स्तर के बच्चों की संकुल स्तरीय क्लस्टर मीट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत हुए क्लस्टर मीट में केवि वन बनबसा ने बाजी मारी। कार्यक्रम का शुभारंभ सैनिक छावनी के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल बीडी जोशी, केवि संगठन की सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका इंदिरा चंद और प्राचार्य बीसी जोशी ने संयुक्त रूप से किया।
इस कार्यक्रम में बनबसा सैनिक छावनी स्थित केवि क्रमांक एक, एनएचपीसी स्थित केवि क्रमांक दो और केवि खटीमा के बच्चों ने प्रतिभाग किया। इस मौके बच्चों की कविता पाठ, समूह गान, समूह नृत्य, आशुभाषण, फैंसी ड्रेस, सामान्य ज्ञान, हिंदी अंग्रेजी ड्राइंड, तार्किक गणित, मेमोरी गेम प्रतियोगिताऐं आयोजित हुई। इनमें केवि वन की ज्योत्सना, यश टम्टा, संकल्प भारद्वाज, रिसिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समूह गान में केवि खटीमा ने बाजी मारी। केवि टू बनबसा के अर्नव ने फैंसी ड्रेस में पहला स्थान प्राप्त किया। केवि टू बनबसा की हिया ने आशु भाषण, रिदम राज ने मेंटल मैथ्स में, केवि खटीमा की प्राची उपाध्याय ने मेमोरी गेम, लक्की राना ने मेंटल मैथ्स में जगह बनाई। संचालन शिक्षिका नीतू ने किया। शिक्षक गुलशन ने आभार जताया। हरप्रीत कौर, राजेश कुमार, कुमकुम मिश्रा, ऊषा किरन, शैफाली माहेश्वरी, डॉ. जीडी पांडेय, एके यादव, पीसी पंत, एनसी खत्री, मिंटू शर्मा, कोमल, पूजा जोशी आदि ने सहयोग दिया।