चंपावत विकास भवन में खेल महाकुंभ को लेकर बैठक लेते सीडीओ आरएस रावत।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। जिले में खेल महाकुंभ के तहत न्याय पंचायत, विकासखंड और जिला स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारी के लिए सीडीओ आरएस रावत की अध्यक्षता में सोमवार को बैठक हुई। इसमें सीडीओ ने युवा कल्याण, खेल, शिक्षा, पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों को विभिन्न आयु वर्ग में होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में अधिकतम युवाओं की भागीदारी कराने के निर्देश दिए।
विकास भवन सभागार में हुई बैठक में सीडीओ ने कहा कि युवाओं में नशे के बढ़ते प्रचलन को रोकने में भी खेलकूद मुख्य कारक होता है। युवाओं को नशा मुक्ति, स्वच्छता की शपथ दिलाने, पोस्टर, पर्चे के माध्यम से खेल महाकुंभ का प्रचार करने के निर्देश भी दिए। बताया गया कि खेल महाकुंभ में अंडर-14, अंडर-17, अंडर-21 आयु वर्ग में विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ ही दिव्यांगजनों के लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। बैठक में युवा कल्याण अधिकारी बीएस रावत, बीडीओ कमल किशोर पांडेय, कविंद्र सिंह रावत, बसंत बल्लभ जोशी, उप क्रीड़ाधिकारी चंदन सिंह बिष्ट आदि रहे।