नहर निर्माण की ठेकेदार कंपनी के तौल कांटे से खनिज निकासी करता डंपर।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। बैराज से नेपाल के लिए निर्मित हो रही चैनल (नहर) की ठेकेदार कंपनी को शारदा से खनिज निकासी के लिए तौल कांटे की अनुमति मिल गई है। सोमवार को कंपनी ने कांटे से खनिज निकासी का ट्रायल किया। मंगलवार से कंपनी नियमित खनिज निकासी कर नहर निर्माण का कार्य तेजी से शुरू कर देगी।
नेपाल के साथ हुई संधि के तहत भारत सरकार की ओर से शारदा से नेपाल को जलापूर्ति के लिए नेपाल सीमा तक 1.2 किमी लंबी नहर बनाकर देनी है। नोडल एजेंसी एनएचपीसी की देखरेख में हो रहे निर्माण कार्य की बरसात के बाद रफ्तार तेज हो गई है। नहर बनाने के लिए सरकार ने शारदा से 3.5 लाख घनमीटर खनिज निकासी की अनुमति दी है, जिसके लिए ठेकेदार कंपनी ने अपना तौल कांटा लगाया है, लेकिन राज्य सरकार से कांटे की अनुमति न मिलने से खनिज निकासी लटकी हुई थी। इस बीच ठेकेदार कंपनी ने वन निगम के कांटे से निकासी का प्रयास किया, लेकिन खनन कारोबारियों के विरोध के चलते निकासी नहीं हो पाई थी, लेकिन अब सरकार ने कंपनी को अपना अलग तौल कांटा लगाने की अनुमति दे दी है। खनन प्रभारी हरीश पाल ने बताया कि सोमवार को ठेकेदार कंपनी की ओर से लगाए गए तौल कांटे से खनिज निकासी का ट्रायल किया गया, जो सफल रहा। मंगलवार से कंपनी अपने कांटे से नियमित खनिज निकासी शुरू करेगी। खनन प्रभारी ने बताया कि कंपनी की निकासी पर निगरानी के लिए विभाग के कर्मचारियों की तैनाती की गई है।