रोडवेज इंप्लाइज यूनियन भी आरटीए (क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण) द्वारा केेमू की 190 बसों को राष्ट्रीयकृत मार्गों में परमिट दिए जाने के फैसले के विरोध पर उतर आई है। रोडवेज इंप्लाइज यूनियन इसका पुरजोर विरोध करेगा। जरूरत पड़ी तो आंदोलन किया जाएगा।
क्षेत्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र पुरी की अध्यक्षता और कार्यवाहक अध्यक्ष इंद्र सिंह बिष्ट के संचालन में हुई बैठक में कर्मचारी नेताओं ने कहा कि आरटीए ने परिवहन निगम के हितों को ताक में रख केमू की बसों का परमिट जारी किए जाने का फैसला लिया है। सरकार और निगम प्रबंधन की गलत नीतियों के कारण परिवहन पहले से ही घाटे की मार झेल रहा है और ऊपर से आरटीए ने राष्ट्रीयकृत मार्गों में केमू की बसों को परमिट देकर निगम का अस्तित्व मिटाने की दिशा में काम कर रहा है। यूनियन ने कहा है कि निगम और निगम के कर्मचारियों के हितों को प्रभावित करने वाले इस फैसले को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने निगम प्रबंधन से कर्मचारियों की लंबित मांगों पर भी जल्द अमल करने की मांग की है। बैठक में भूप राम, संतोष गुप्ता, हुकुम चंद, रामस्वरूप वर्मा, राजेंद्र बहादुर, दलीप सिंह, बाबू सिंह, राकेश रावत, प्रकाश वन, देवेंद्र मिश्रा, अजीत गुप्ता, कपिल त्रिपाठी, कुलदीप गुप्ता, दीप चंद्र साह आदि मौजूद थे।