डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी ने लोनिवि, पीएमजीएसवाई, एडीबी, नेशनल हाईवे के अभियंताओं को बरसात में सड़कों को बंद नहीं होने देने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में अभियंताओं की बैठक में डीएम ने संवदेशनशील स्थानों में तत्काल मय आपरेटर जेसीबी तैनात करने, भारी बरसात की संभावना को देखते हुए मोबाइल आन रखने, जेसीबी आपरेटरों, गैंग मेट आदि के मोबाइल नंबरों की जानकारी आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी बिना उनकी अनुमति के स्टेशन नहीं छोड़ेंगे और मुख्यालय में बने रहेंगे। बैठक में लोनिवि के अधीक्षण अभियंता सीएस भट्ट, अधिशासी अभियंता बीसी पंत, नागेंद्र बहादुर, यूएस रौतेला, मनोहर सिंह धर्मसत्तू, जीएस बिष्ट, एचसी भट्ट तथा आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय आदि अधिकारी मौजूद रहे।