टनकपुर (चंपावत)। 38 वें राष्ट्रीय खेलों में पहली बार चंपावत जिले के टनकपुर क्षेत्र में काली नदी में चरण मंदिर से बूम तक राफ्टिंग डेमो प्रस्तावित है। राष्ट्रीय खेलों की जारी सूची के अनुसार प्रतियोगिता तीन दिन 29, 30, 31 जनवरी और एक फरवरी प्रस्तावित है। तैयारियों को लेकर दिसंबर में खेल मंत्री रेखा आर्य के बाद बीते पांच जनवरी को प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट की तोषिता सिंह के नेतृत्व में टीम ने भी जायजा लिया।
काली नदी में राफ्टिंग की अपार संभावना है। इसके लिए टनकपुर के चरण मंदिर काकड़ी घाट से बूम तक निजी तौर पर कुछ वर्षों से राफ्टिंग हो रही है। प्रदेश में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के साथ ही टनकपुर में पहली बार राफ्टिंग का डेमो प्रस्तावित होने से खिलाड़ी और क्षेत्र के लोग उत्साहित हैं। स्थल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के साथ शामिल रहे स्पोर्ट्स स्टेडियम के फुटबाल कोच कुमार गौरव खोलिया ने बताया कि डेमो स्पोर्ट राफ्टिंग में स्थल चरण मंदिर से बूम तक तीन स्पर्धा में 13 किमी मैराथन, सलालम, आरएक्स स्प्रिंट प्रतियोगिता प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि खेल मंत्री रेखा आर्या ने 26 दिसंबर को प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया था। इसके बाद पांच जनवरी को प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट की टीम के साथ जायजा लिया। बताया कि ताजा अपडेट यह है कि खेलों की सूची जारी हो गई है। इसमें टनकपुर में राफ्टिंग डेमो स्पोर्ट को शामिल किया गया है।