लोहाघाट के रायनगर चौड़ी में श्रीमद भागवत कथा के शुभारंभ पर निकली कलश यात्रा में शामिल ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
गांव और क्षेत्र की सुख, शांति, समृद्धि की कामना के साथ ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से शहर से लगी ग्राम पंचायत रायनगर चौड़ी में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का श्रीगणेश हुआ। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में आकर्षक कलश यात्रा निकाली।
कुल पुरोहित किशोर चंद्र पुनेठा, प्रकाश चंद्र पुनेठा, किशोर पुनेठा, भुवन चंद्र पांडेय, नवीन बगौली और गिरीश जोशी के पौरोहित्य में बुधवार को कलश स्थापना, नवग्रह पूजन, सर्वतोभद्र मंडल पूजन, पंचदेव पूजन, मुख्य देव पूजन आदि कार्य हुए। कलश यात्रा शीतला माता मंदिर, डिग्री कॉलेज मार्ग, देवस्थली होते हुए आयोजन स्थल में पहुंची। मुख्य यजमान जनार्दन राय, पूजा आनंद राय, कमल राय, हरीश कापड़ी, रमेश चंद्र राय ने सपत्नीक पूजा-अर्चना की।
कथा में हरिद्वार के विद्वान आचार्य प्रकाश कृष्ण शास्त्री ने कहा कि भक्ति, ज्ञान और वैराग्य तीनों का मानव जीवन में होना अति आवश्यक है। हेमंत अग्रवाल, मदन मुरारी शुक्ला, ललित मोहन शर्मा संगीत दे रहे हैं।