विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से मनाए जाने वाले तंबाकू निषेध सप्ताह के तहत जीआईसी मूलाकोट में विविध कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सप्ताह के अंतिम दिन शनिवार को छात्र-छात्राओं ने मूलाकोट बाजार में जागरूकता रैली निकाली, जिसमें बच्चों ने नशा हटाओ जीवन बचाओ, एक दो तीन चार, तंबाकू से रोग हजार, आज करो अभी करो गुटखा खैनी बंद करो आदि नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक बनाने का प्रयास किया गया।
इससे पूर्व शिक्षक त्रिलोचन जोशी के नेतृत्व में विद्यालय में बच्चों की वाद विवाद, निबंध, चार्ट और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। जिनके विजेताओं को सम्मानित किया गया। पीटीए अध्यक्ष हर सिंह अधिकारी की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी में छात्र-छात्राओं को तंबाकू के नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। इस मौके पर टीसी जोशी, बाजश्रवा आर्य, पदमाकर मिश्र, डूंगर सिंह, सतीश चंद्र पांडेय, मदन मोहन बिष्ट, नारायण दत्त जोशी, रमेश सिंह, अर्जुन सिंह कुंवर आदि ने विचार रखे।