तीसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिले भर में योग शिविरों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय के गोरलचौड़ मैदान में आयोजित मुख्य योग शिविर में डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने कहा कि सिर्फ योग में वो शक्ति है जो शरीर को लंबे वक्त तक दवाइयों से दूर रखती है। हर व्यक्ति को प्रतिदिन कुछ समय योग को अवश्य देना चाहिए। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनाकर जीवन स्वस्थ, सुखमय बनाने का आह्वान किया। इससे पहले क्षेत्रीय विधायक कैलाश चंद्र गहतोड़ी ने शिविर का शुभारंभ किया।
पतंजलि समिति के लोकमणि पंत, भुवन चंद्र जोशी आदि ने लोगों को योग आसनों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग आसन सूर्य नमस्कार से प्रारंभ करते ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्द्ध चक्रासन आदि का अभ्यास करवाया। योगाचार्यों ने कहा कि योग का प्रयोग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों के लिए हमेशा से होता रहा है। आज की चिकित्सा शोधों ने ये साबित कर दिया है की योग शारीरिक और मानसिक रूप से मानव जाति के लिए वरदान है। इस मौके पर एडीएम हेमंत वर्मा, एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा, भुवन चंद्र तिवारी, सीएमओ डॉ. एमएस बोरा, आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ.सुरेश चंद्र उप्रेती, होम्योपैथिक अधिकारी डॉ.शूरवीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
एनसीसी कैडेटों एसएसबी के जवानों ने किया योग आसनों का प्रदर्शन
चंपावत। जीआईसी में प्रधानाचार्य सीपी गहतोड़ी की अध्यक्षता में एनसीसी की सीनियर और जूनियर डिवीजन के कैडेटों ने कृष्ण कुमार उपाध्याय और भुवन चंद्र शर्मा के निर्देशन में योग आसनों का प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्य ने योग से होने वाले लाभों की जानकारी दी। शिविर में सुरेश राम आर्या, शंकर गिरि गोस्वामी, मनोज कुमार जोशी, हीराबल्लभ पांडेय, चंद्र सिंह आदि ने सहयोग किया। एसएसबी की पंचम वाहिनी मुख्यालय के खेल मैदान में भी एसएसबी जवानों और अधिकारियों ने योगाभ्यास किया। द्वितीय कमान अधिकारी आलोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में योग गुरू अजीत कुमार ने योगासनों का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में उप कमांडेंट चंद्रजीत, सहायक कमांडेंट गुरविंदर सिंह, जीत सिंह, नितिन शर्मा आदि भी मौजूद रहे।
योग दिवस पर ग्रामीण क्षेत्रों में भी किया गया योगाभ्यास
लोहाघाट (चंपावत)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नगर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों द्वारा योगाभ्यास किया गया। तहसील परिसर में ओमजन विकास समिति के निदेशक नवीन मुरारी ने भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम विलोम, भ्रामरी, उज्जाई, उदगीत प्रणायामों के अलावा सूर्य नमस्कार, शीर्षासन आदि आसनों का अभ्यास कराने के साथ इनके फायदे बताए। तहसीलदार नीलू चावला, भुवन शंकर पांडेय, बची सिंह जीना, पूरन चंद्र पांडेय लोग मौजूद थे। न्यायिक बंदीगृह में रमेश चंद्र मुरारी ने विचाराधीन कैदियों को योगाभ्यास कराया। आईटीबीपी की 36वी वाहिनी में सहायक सेनानी मनोज बहुगुणा ने योग शिविर का शुभारंभ किया। इस मौके पर सहायक सेनानी मनोज सेंगर, भूपेश नौटियाल, डॉ. वरुण कुमार, डॉ. अंबरिश कुमार मौजूद रहे। गुरुकुलम एकेडमी मानेश्वर में प्रबंधक हरीश पांडेय के दिशा निर्देशन में नन्हें बच्चों ने योग किया। एसएसबी क्षेत्र संगठक कार्यालय में योगाभ्यास किया गया। महर्षि विद्यामंदिर में प्रधानाचार्य एसके वर्मा के दिशा निर्देशन में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य सुषमा फर्त्याल ने योग शिविर का शुभारंभ किया। केंद्रीय विद्यालय में प्राचार्य बीडी ओली के दिशा निर्देशन में योग प्रशिक्षक रजनीश जोशी और पंचदेव पांडेय ने कई योग की विधाएं सिखाई। जीजीआईसी में हेमंती भट्ट के दिशा निर्देशन में छात्राओं ने योग किया। इस मौके पर प्रधानाचार्या मीना शुक्ला, गणेश पुनेठा शामिल रहे। पीजी कॉलेज में प्राचार्य प्रो. केकेएस नेगी की अध्यक्षता और एनएसएस प्रभारी डॉ. महेश त्रिपाठी के नेतृत्व में योगाभ्यास किया गया। जीआईसी पाटी, प्राथमिक विद्यालय गड्यूडा नवीन, बाराकोट, बर्दाखान, देवीधुरा, खेतीखान, रीठासाहिब, भिंगराड़ा, पुलहिंडोला, किमतोली, रौंसाल, चमदेवल आदि स्थानों में भी योग शिविरों का आयोजन किया गया।
कई जगह आयोजित किए योग शिविर
टनकपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शहर में जगह-जगह योग शिविर का आयोजन किया गया। आयुर्वेदाचार्य राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के चिकित्साधिकारी मोहम्मद शाहिद ने तहसील प्रांगण में योग शिविर लगाया। शिविर में एसडीएम अनिल चन्याल, सीओ आरएस रौतेला, कोतवाल अरुण कुमार वर्मा, बनबसा थानाध्यक्ष राजेश पांडेय समेत तहसील व पुलिस के कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया। राजकीय महाविद्यालय में योग प्रशिक्षक राजीव आर्य ने शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को योगाभ्यास कराया। नेहरू पार्क में लायंस क्लब द्वारा योगाभ्यास शिविर लगाया गया। सूर्योदय सेवा समिति ने स्टेडियम मैदान में नागरिकों को योगाभ्यास कराया। एसएसबी की 57 वीं वाहिनी ने चिलियाघोल कैंप परिसर में योग शिविर लगाया। आर्य समाज मंदिर में भी योग शिक्षक राजीव आर्य, आचार्य रामदेव आर्य ने लोगों को योगाभ्यास कराने के साथ ही योग से होने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी।