वन पंचायत सरपंच संगठन ने वन पंचायतों को विभिन्न विकास योजनाओं से जोड़ने की मांग की है। अध्यक्ष राजू भंडारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को यहां हुई संगठन की ब्लाक स्तरीय बैठक में मनरेगा की 50 प्रतिशत रकम वन पंचायतों के विकास में खर्च करने की मांग की गई। वन पंचायतों को समुचित महत्व नहीं दिए जाने की सूरत में वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई गई। वन पंचायतों को रॉयल्टी देने में हो रही देरी के लिए वन विभाग के अधिकारियों से बात की जाएगी।
जलागम योजना के काम वन पंचायतों के जरिए कराने, पंचायतों को कैंपा, एफडीए योजनाओं से जोड़ने के अलावा जायका योजना के तहत चंपावत विकासखंड को शामिल करने का सरपंच संगठन ने प्रस्ताव पास किया। पंचायती वनों की सुरक्षा के लिए चौकीदार की नियुक्ति को नितांत जरूरी बताया गया। बैठक में जिलाध्यक्ष अंबादत्त फुलारा, देवीदत्त जोशी, पार्वती देवी, कमला, मुन्नी महर, उमेद सिंह, संतोष, जगत सिंह, लक्ष्मण सिंह, नारायण सिंह, बसंत सिंह, दान सिंह कठायत, धर्मानंद भट्ट आदि मौजूद थे।