फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दौला में बेेनाप भूमि में बन रहे तीन मकानों में चली जेसीबी

Fri, 21 Dec 2018 11:01 PM IST
kamlesh kamlesh ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
पिथौरागढ़ के दौला में अतिक्रमण तोड़ने के लिए पहुंची जेसीबी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
दौला में प्रशासन ने बेनाप भूमि में अवैध रूप से बन रहे तीन मकानों के बीम जेसीबी से ध्वस्त कर दिए। लिंटर पड़ चुके पांच भवनों को चिह्नित किया गया है। सभी अतिक्रमणकारियों का चालान किया जाएगा। ध्वस्तीकरण के दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। इस कार्रवाई से दौला वार्ड में पूरे दिन हड़कंप मचा रहा। 
विज्ञापन


नए परिसीमन में नगरपालिका में शामिल दौला गांव की बेनाप भूमि में कुछ लोगों ने अवैध रूप से भवनों का निर्माण शुरू कर दिया था। इस मामले की शिकायत सभासद भावना नगरकोटी ने प्रशासन से की थी। तीन दिन पूर्व स्थलीय निरीक्षण कर उपजिलाधिकारी सदर एसके पांडेय ने अतिक्रमण को ध्वस्त करने के निर्देश दिए थे।

इन निर्देशों के बाद शुक्रवार को राजस्व टीम पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी लेकर दौला पहुंची। इसके बाद जेसीबी से निर्माणाधीन तीन मकानों के पक्के बीम ध्वस्त कर दिए गए। इसके अलावा छत पड़ चुके पांच मकानों का चिन्हीकरण किया गया। 
विज्ञापन


मकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण करने वालों ने काफी विरोध किया। इसके बावजूद राजस्व विभाग ने अपनी कार्रवाई जारी रखी। इस दौरान विरोध की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। जिन ग्रामीणों का अतिक्रमण तोड़ा गया उन्होंने नाराजगी जताते हुए सभी के लिए एक समान कार्रवाई करने की मांग की। 

सभासद भावना नगरकोटी का कहना था कि पालिका में शामिल होने से पहले यह जमीन गोचर थी। इसके बावजूद कुछ लोगों ने जबरन इस जमीन में अतिक्रमण कर मकान खड़े कर दिए। जिस स्थान पर कूड़ादान था उस जमीन पर भी मकान बना दिया गया है।      

उन्होंने कहा कि अवैध रूप से किया गया निर्माण कार्य पूरा ध्वस्त नहीं होने पर वह न्यायालय की शरण में जाएंगी। इस दौरान एसडीएम आरके पांडेय, कानूनगो आरएस धामी, राजस्व उपनिरीक्षक यशवंत सिंह थापा सहित राजस्व विभाग के अधिकारी और पुलिस जवान तैनात थे। राजस्व उपनिरीक्षक ने बताया कि अवैध अतिक्रमण के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी। अतिक्रमणकारियों का चालान किया जाएगा।  
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें