टनकपुर के खेतखेड़ा में किरौड़ा नाले के रोखड़ में सरकारी भूमि पर जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाती प
टनकपुर (चंपावत)। क्षेत्र में सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को एसडीएम आकाश जोशी के नेतृत्व में पुलिस, वन और राजस्व की टीम जेसीबी मशीन लेकर खेतखेड़ा पहुंची। यहां किरौड़ा नाले के रोखड़ में क्षेत्र में 0.7 हेक्टेयर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पाया गया। टीम ने अतिक्रमण को ध्वस्त करते हुए संबंधित लोगों को हिदायत दी।
टीम ने रोखड़ में लगाए गए लोहे के एंगल और तारबाड़ को हटवाया। एसडीएम ने बताया कि शिकायत मिली थी कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर प्लाॅटिंग की जा रही है। इस पर टीम अतिक्रमण को हटवा रही है। राजस्व उपनिरीक्षक राकेश चंद्र पंगरिया ने बताया कि रोखड़ में कच्चे-पक्के अतिक्रमण को हटाने के लिए 13 लोगों को नोटिस दिया जा रहा है।
नोटिस में भूमि को शीघ्र खाली करने और स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान तहसीलदार जगदीश गिरि, बूम चौकी इंचार्ज एसआई हिमानी गहतोड़ी समेत वन और राजस्व विभाग के अनेक कर्मी मौजूद रहे। संवाद