टनकपुर से दिल्ली के लिए 12 से दौड़ेगी जन शताब्दी एक्सप्रेस
टनकपुर (चंपावत)। कोरोना महामारी के कारण बंद रेल सेवा 12 जून से फिर शुरू होने जा रही है। अभी रेल मंत्रालय ने फिलहाल टनकपुर-दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस के संचालन की स्वीकृति दी है। जल्द ही अन्य ट्रेनों का संचालन भी शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। रेलवे प्रशासन जनशताब्दी दौड़ाने की तैयारी में जुट गया है।
रेल मंत्रालय ने 26 फरवरी 2021 को टनकपुर से दिल्ली के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस (05325, 05326) का संचालन शुरू किया था, लेकिन कोरोना संक्रमण काल में पर्याप्त यात्री न मिलने और ट्रेन के संचालन में आ रही दिक्कत के कारण रेल मंत्रालय ने गत 18 मई से जनशताब्दी का संचालन रोक दिया गया था, लेकिन अब संक्रमण की स्थिति में सुधार के बाद के रेलवे ने ट्रेनों का संचालन शुरू करने की तैयारी की है। इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि 12 से टनकपुर-दिल्ली और 13 जून से दिल्ली-टनकपुर के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस का संचालन शुरू होगा। (संवाद)