टनकपुर रेलवे स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपते पूर्व पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह रावत। संवाद
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर/बनबसा (चंपावत)। लोगों ने रेलवे के डीआरएम को ज्ञापन भेजकर जन शताब्दी एक्सप्रेस का समय बदलकर रात में करने की मांग की है। उन्होंने जन शताब्दी के वर्तमान समय को यात्रियों एवं कारोबारियों के लिए अनुपयोगी बताया है।
स्टेशन मास्टर केडी कापड़ी को सौंपे ज्ञापन में कहा कि पहाड़ एवं नेपाल के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से सुबह निकलने वाले यात्री शाम के समय टनकपुर पहुंचते हैं और उस समय उन्हें ट्रेन की सुविधा नहीं मिल पाती है जिस कारण उन्हें अन्य साधनों से दिल्ली एवं अन्य महानगरों को जाना पड़ता है।
जन शताब्दी के समय में बदलाव एवं रात्रि स्लीपर कोच एसी सुविधा देने से जहां आमजन को लाभ होगा वहीं रेलवे की आय में भी बढ़ोतरी होगी। रात्रि सेवा से व्यापारियों एवं कारोबारियों को भी लाभ होगा। ज्ञापन में पूर्व पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह रावत, मोहनपुर की प्रधान राधिका चंद, ज्ञानखेड़ा के प्रधान नरी राम, पूर्व बीडीसी सदस्य हरिओम सेठी, नितिन मंगला, दीपक चंद, सौरभ कलखुड़िया, बार एसोसिएशन अध्यक्ष उमेश डुंगरिया, एडवोकेट सुरेश चंद, दीपक चंद, त्रिभुवन सिंह सजवाण आदि के हस्ताक्षर हैं।
उधर बनबसा व्यापार मंडल अध्यक्ष परमजीत सिंह गांधी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर टनकपुर से संचालित होने वाली ट्रेनों के समय एवं रुकने के स्टेशनों में बदलाव करने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतियां रेल मंत्री एवं रेलवे के उच्चाधिकारियों को भी भेजी गई हैं। कहा है कि टनकपुर से दिल्ली जाने वाली जन शताब्दी टनकपुर से सुबह 11.25 बजे चलकर 10 घंटे बाद रात 9.30 बजे दिल्ली पहुंचती है। इस कारण यात्रियों एवं कारोबारियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने जन शताब्दी को टनकपुर से रात में चलाने की मांग की है जिससे लोग सुबह दिल्ली पहुंचकर अपने कार्य कर उसी दिन लौट सकेंगे। उन्होंने त्रिवेणी एक्सप्रेस (टनकपुर से लखनऊ) का बनबसा में स्टॉपेज बनाने की भी मांग की है।