लोहाघाट के प्रेमनगर क्षेत्र में जल संस्थान की ओर से टेंकरों के जरिए की जा रही जलापूर्ति। स्रोत:
लोहाघाट (चंपावत)। पेयजल समस्या से जूझ रहे विकास खंड लोहाघाट के ग्राम पंचायत पाटन पाटनी के प्रेमनगर तोक में जल संस्थान ने टैंकरों से जलापूर्ति शुरू कर दी है। यहां निर्माणाधीन हर घर नल, हर घर जल योजना का कार्य पूरा न होने पर क्षेत्र के लोगों ने गहरी नाराजगी जताई थी। लोगों के आक्रोश और समस्या को देखते हुए जल संस्थान ने टैंकरों से पानी का वितरण शुरू कर दिया है।
जल संस्थान के सहायक अभियंता पवन बिष्ट ने बताया कि लोगों की समस्या को देखते हुए विभाग ने टैंकरों से हाइडिल गेट, प्रेमनगर, पंचायत घर और कनेड़ा तोक में चार स्थानों पर टैंकरों से सुबह शाम पेयजल वितरित किया जा रहा है। यह व्यवस्था फिलहाल जारी रहेगी। खष्टी बल्लभ पांडेय ने बताया कि लंबे समय से हर घर नल हर घर योजना का कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है। पेयजल की व्यवस्था करने के लिए महिलाओं और बुजुर्गोंं को गाड़ गधेरों प्राकृतिक जल स्रोतों में जाने को मजबूर होना पड़ रहा था। चेतावनी दी कि यदि पेयजल योजना का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो वह आंदोलन करेंगे।