सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण एनएचएआई का सड़क चौड़ीकरण कार्य जोरों पर चल रहा है। साथ ही नए जगबूड़ा पुल का निर्माण भी शुरू कर दिया गया है। पुल के पांच पिलरों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मैदान को पहाड़ से जोड़ने वाले इस मार्ग का निर्माण सितंबर 2017 में पूरा किया जाना है।
सितारगंज से टनकपुर तक 243 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित एनएचएआई का सड़क चौड़ीकरण किया जा रहा है। सितारगंज से टनकपुर तक 52 किमी लंबे मार्ग पर एनएचएआई द्वारा सड़क, पुल, पुलियों और नालियों का निर्माण किया जा रहा है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक एसके वर्मा ने बताया कि फिलहाल इस मार्ग को टूलेन बनाया जा रहा है। बताया गया कि मैदान को पहाड़ से जोड़ने वाले बनबसा स्थित वर्तमान जगबूड़ा पुल के पास ही नए पुल का निर्माण भी किया जा रहा है। पुल की लंबाई 250 मीटर, चौड़ाई 8.5 मीटर है। पुल को टिकाने के लिए पांच पिलर बनाए जाएंगे। पुल की फिलहाल अनुमानित लागत 8 करोड़ रुपये बताई गई है, जो बढ़ भी सकती है।
धूल से परेशान हैं क्षेत्रवासी
एनएचएआई का सड़क विस्तारीकरण कार्य तेजी पकड़ता जा रहा है, लेकिन इन दिनों सड़क किनारे उड़ रही धूल लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। नागरिकों ने दिन में दो बार पानी के छिड़काव की मांग की है। बताया गया है कि मानसून सीजन में सड़क निर्माण कार्य थम जाएगा।