धनतेरस के बाद दीपावली बनबसा वासियों के लिए शुभ संकेत लेकर आई है। कन्या इंटर कॉलेज के बाद मंगलवार को आईटीआई और नगर पंचायत के लिए भूमि एलाट कर दी गई। जल्द ही नगर पंचायत के भवन निर्माण की कार्रवाई शुरू की जाएगी। शासन ने राजस्व की भूमि को दोनों संस्थानों के नाम एलाट कर क्षेत्रवासियों को दीपावली का तोहफा दिया है।
मंगलवार को तहसीलदार भगीरथ जोशी के नेतृत्व में आईटीआई और नगर पंचायत के लिए भूमि की नाम कर आवंटन कर दिया गया। टनकपुर आईटीआई के प्रधानाचार्य राजेश कुमार और नगरपंचायत के ईओ एससी जोशी को भूमि के कागजात सौंपे गए। तहसीलदार ने बताया कि कन्या इंटर कॉलेज के पास आईटीआई को 9 बीघा और नगर पंचायत को 3 बीघा भूमि आवंटित की गई है। एसडीएम नरेश चंद्र दुर्गापाल ने बताया कि नगरपंचायत भवन निर्माण को मुख्यमंत्री हरीश रावत ने 30 लाख रुपये की घोषणा की है।
आईटीआई के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाना है। अभी भवन निर्माण एजेंसी भी तय नहीं की गई है। इस मौके पर आईटीआई के एचपी सेमवाल, नितिन शास्त्री, मोहन जोशी, राजेंद्र बिष्ट, परवेज आलम, टनकपुर पालिका के जेई सतीश कुमार, विनोद बिष्ट, नीरज कुमार, पटवारी विरेंद्र कुमार आदि थे। बता दें कि सोमवार को शासन ने जीजीआईसी को करीब 11 बीघा (.75 हेक्टेयर) भूमि एलाट कर दी थी।