चंपावत में डीएम कार्यालय में डीएम से मिलते आईटीबीपी कमांडेंट संजय कुमार। स्रोत सूचना
चंपावत। चंपावत डीएम कार्यालय में आईटीबीपी 36वीं बटालियन के कमांडेंट संजय कुमार ने डीएम नवनीत पांडे और एसपी अजय गणपति से मुलाकात की। उन्होंने दोनों अधिकारियों के साथ चंपावत की अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की। इस दौरान कमांडेंट ने कहा कि सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
शुक्रवार को कमांडेंट संजय कुमार ने बताया कि वर्तमान में देश की सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए नेपाल सीमा से सटे चंपावत में सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह सतर्क किया गया है। आईटीबीपी के जवान अलर्ट मोड पर गश्त, निगरानी और पेट्रोलिंग कर रहे हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की समय पर पहचान कर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि नेपाल सीमा की निगरानी का दायित्व निभा रही सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), चंपावत पुलिस के साथ आईटीबीपी का पूर्ण समन्वय स्थापित है।
कहा कि एसएसबी की ओर से नेपाल सीमा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही स्थानीय पुलिस भी नियमित गश्त कर रही है। इससे सीमावर्ती इलाकों में शांति व कानून व्यवस्था बनाई जा सके। डीएम ने कहा कि सभी सुरक्षा एजेंसियां आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य कर रही हैं।