टनकपुर (चंपावत)। प्रशासन ने बृहस्पतिवार को तय रोस्टर के अनुसार घसियारा मंडी वार्ड में सैंपलिंग केंद्र की व्यवस्था न हो पाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्था के लिए नामित नोडल अधिकारी की ओर से किसी अन्य को नोडल अधिकारी बनाकर भेजने के मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि बृहस्पतिवार को शहर के घसियारा मंडी वार्ड के लोगों की जांच होनी थी। इसके लिए प्रशासन ने जीजीआईसी के पुराने भवन को केंद्र बनाया था। लेकिन जब स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची तो वहां कोई व्यवस्था नहीं थी। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने राजकीय महाविद्यालय के सभा कक्ष में सैंपलिंग करने की पेशकश की। कॉलेज प्रशासन ने इसके लिए इंकार कर दिया। बाद में स्वास्थ्य विभाग की टीम सैंपलिंग किए बगैर वापस लौट गई थी। सीएमएस डॉ. एचएस हयांकी ने बताया कि घसियारा मंडी वार्ड के लोगों की अब बाद में की जाएगी। इधर एसडीएम दयानंद सरस्वती ने कहना है कि घसियारा मंडी वार्ड की सैंपलिंग के लिए नोडल अधिकारी द्वारा किसी अन्य को नोडल अधिकारी बनाकर भेजे जाने का मामला संज्ञान में आया है। जिसकी जांच की जा रही है।