चंपावत। डीएम मनीष कुमार की अध्यक्षता में रविवार को सड़क संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक ली। इसमें डीएम ने एनएच-09 से संबंधित कार्यों, व्यवस्थाओं और कलवर्ट सुधार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों में तेजी लाने, सभी गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरते हुए सड़क को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बस्तिया, कोट अमोड़ी, स्वाला समेत अन्य संवेदनशील स्थलों पर सड़क सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने पर भी जोर दिया। मानसून के दौरान जलभराव जैसी अन्य समस्याओं से निपटने के लिए राजमार्ग के किनारे झाड़ी कटान एवं नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने एनएच से जुड़े सभी सहायक अभियंताओं और कनिष्ठ अभियंताओं को नियमित साइट विजिट कर मार्ग की कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की निगरानी करने और उन्हें मानसून से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में यूयूएसडीए को नगर क्षेत्र में संचालित पेयजल लाइन निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों के दौरान आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए। बैठक में एडीएम कृष्णनाथ गोस्वामी, एसडीएम विपिन पंत, नीतू डागर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, एनएच विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।