टनकपुर के उप जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण के दौरान भर्ती मरीजों से जानकारी लेते डीएम मनीष कुमा
टनकपुर(चंपावत)। डीएम मनीष कुमार ने जन मिलन कार्यक्रम में उप जिला अस्पताल की शिकायतों को गंभीरता से लिया। उन्होंने सोमवार रात अस्पताल का औचक निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से भी जानकारी ली। जन औषधि केंद्र की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर संचालक को बदलने के निर्देश दिए।
सोमवार को तहसील में हुए जनता मिलन कार्यक्रम में अस्पताल से संबंधित शिकायत का संज्ञान लेकर डीएम ने रात में अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर, वार्डों, प्रसूति गृह, दवा वितरण केंद्र और स्वच्छता व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने सीएमओ डॉ. देवेश चौहान को अस्पताल की समग्र व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल प्रशासन को प्रतिदिन चादरें बदलने की व्यवस्था करने, स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित और वैज्ञानिक निस्तारण के निर्देश भी दिए।
अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और निगरानी कर व्यवस्थाएं देखने को कहा। डीएम स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की शिकायत दोबारा प्राप्त हुई तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसडीएम आकाश जोशी, सीएमएस डॉ. घनश्याम तिवारी, अस्पताल स्टाफ मौजूद रहे।