मां पूर्णागिरि धाम के निर्माणाधीन रज्जुमार्ग का मुआयना करते डीएम विनीत तोमर।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। मां पूर्णागिरि धाम में बनने वाले रज्जुमार्ग (रोपवे) के काम शुरू होने की अड़चन को जल्द से जल्द दूर करने के डीएम विनीत तोमर ने निर्देश दिए। मंगलवार को उन्होंने निर्माणाधीन रज्जुमार्ग क्षेत्र का हनुमान चट्टी से मुआयना किया। कहा कि रज्जुमार्ग बनने से मां पूर्णागिरि धाम देश के प्रमुख पर्यटन मानचित्र में जगह बनाने के साथ ही तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को विस्तार मिल सकेगा। अमर उजाला ने नौ मार्च को रज्जुमार्ग से संबंधित (शुरू तक नहीं हो सका रज्जुमार्ग निर्माण) खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
पीपीपी मोड से बनने वाले 35 करोड़ रुपये से हनुमान चट्टी से काली मंदिर तक 903.225 मीटर लंबे रज्जुमार्ग के लिए सरकार ने केआर आनंद एंड केआरए इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्राइवेट कंपनी के साथ सहमति पत्र (एमओयू) किया था। जून 2015 में इसका शिलान्यास भी हुआ। तकनीकी रूप से उपयुक्त मिलने के बावजूद स्वतंत्र अभियंता न मिल पाने की वजह से काम रुका है। डीएम विनीत तोमर का कहना है कि पिछले सप्ताह लोनिवि या किसी दूसरी स्थानीय एजेंसियों से स्वतंत्र अभियंता की व्यवस्था कराने के लिए शासन को पत्र भेजा जा चुका है। उन्होंने इस मामले में पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट को राज्य पर्यटन मुख्यालय से संपर्क कर तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी लोकेश्वर सिंह, एडीएम टीएस मर्तोलिया, एसडीएम हिमांशु कफल्टिया आदि थे।