चंपावत। डीएम मनीष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बर्ड फ्लू की रोकथाम और नियंत्रण के लिए बैठक हुई। इसमें बर्ड फ्लू की स्थिति, रोकथाम के उपाय और जिले में तैयारियों की समीक्षा की गई।
सीवीओ डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल ने बताया कि जिले में बर्ड फ्लू का कोई भी सकारात्मक मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने बताया कि एहतियातन जिले की सीमाओं पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। टनकपुर सीमा से मुर्गियों और अंडों के व्यापार को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। जिले के बाहर से मुर्गियों और अंडों के आयात पर अगले एक सप्ताह तक पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। डीएम ने कहा कि बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। जिले के सभी पोल्ट्री फार्मों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने कहा कि सीमा क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई जाए। पुलिस और प्रशासनिक अमले की संयुक्त टीमें नियमित गश्त करें। किसी भी प्रकार से जिले में बाहर से मुर्गियों या अंडों की आमद न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से गठित निगरानी टीमों को चौक-चौराहों, मंडियों और बाजारों में सघन चेकिंग करनी होगी। इस दौरान सीडीओ डॉ. जीएस खाती,एडीएम जयवर्धन शर्मा, एसडीएम अनुराग आर्य सहित अन्य मौजूद रहे। संवाद