चंपावत के रीठासाहिब थाने में आपदा प्रबंधन उपकरणों का निरीक्षण करते डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी। सं
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने बृहस्पतिवार को ढोलीगांव-रमक-मंगललेख-चल्थी-रीठासाहिब सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीएमजीएसवाई खंड की ओर से रतिया नदी पर पुल निर्माण कार्य अधूरा पाया। पूछने पर पता चला कि दो करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य 2020 से अधूरा है। इस पर डीएम ने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को पुल निर्माण का अवशेष कार्य एक माह के भीतर पूरा कर दो माह के भीतर पुल पर आवाजाही शुरू कराने के निर्देश दिए। इसी मार्ग के विभिन्न स्थानों पर जो भी सड़क और नाली क्षतिग्रस्त हुई है उसे जल्द ठीक करने के निर्देश दिए गए। बाद में उन्होंने रीठासाहिब थाने में आपदा राहत और बचाव संबंधी उपकरणों का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने नैनीताल जिले की सीमा से लगे दूरस्थ क्षेत्र मेला चौक का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत, एसडीएम पाटी मनीष बिष्ट, एसडीएम लोहाघाट रिंकु बिष्ट, एसओ पाटी सुधाकर जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय, जिला मानवाधिकार सदस्य हयात राम आर्या समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।