बनबसा (चंपावत)। दो दिन पहले जौलासाल के जंगलों में हथियारबंद लोगों के दिखाई देने की सूचना पर यहां पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है। वन विभाग, पुलिस और सुरक्षा बलों ने हथियारबंद लोगों की तलाश में जंगल में डेरा डाल दिया है। एक गुज्जर ने मंगलवार की रात्रि जौलासाल के जंगलों में करीब 15 हथियारबंद लोग देखे थे।
सूचना पर खटीमा वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम हथियारबंद लोगों की तलाश में जुट गई थी। गुज्जर के मुताबिक हथियारबंद लोग नेपाली और पर्वतीय जैसे लग रहे थे। बनबसा के पश्चिमी छोर पर स्थित किलपुरा, शारदा, जौलासाल रेंज की सीमाएं आपस में मिलती हैं, जिसके चलते हथियारबंद लोगों के बनबसा और टनकपुर के रास्ते नेपाल निकलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। यहां भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
तराई पूर्वी वन प्रभाग खटीमा के रेंजर सुरेश चंद्र मेंदोला ने बताया कि सेनापानी, किलपुरा रेंज पर भी वन विभाग की टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी है। उन्होंने बताया कि वन महकमे की संयुक्त टीमें बनबसा से लगे जंगलों में भी हथियारबंदों की तलाश कर रही हैं। सीओ राजन सिंह रौतेला ने बताया कि बनबसा, टनकपुर से लगी सीमाओं पर पहले से ही पुलिस, खुफिया विभाग और एसएसबी पूर्णतया चौकस हैं। संदिग्धों की तलाश में पुलिस को जंगलों की चौकसी करने को कहा गया है।