संवेदनशील भारत-नेपाल सीमा जहां पाकिस्तानी आतंकी टुंडा की गिरफ्तारी के बाद से सुर्खियों में आई, वहीं मादक पदार्थों की तस्करी में भी यह सुर्खियों में आने लगी है। सीमा पर ताजा मामले में इस वर्ष की सर्वाधिक 14 किलो चरस की खेप के साथ एक नेपाली तस्कर को एसटीएफ और पुलिस टीम ने पकड़ने में सफलता हासिल की है।
इस साल उत्तराखंड से लगी नेपाल सीमा पर अकेले टनकपुर और बनबसा थानाक्षेत्र में चरस तस्करी के 15 मामले पकड़े जा चुके हैं। माना जा रहा है कि इस सीमा पर कई अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरोह सक्रिय हैं, इनके तार दिल्ली समेत देश के अन्य महानगरों से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। मादक पदार्थों की तस्करी में आईएसआई के माड्यूल के भी शामिल होने की आशंका बढ़ गई है। सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई है।
दो वर्ष पहले आईएसआई एजेंट टुंडा की बनबसा बार्डर से गिरफ्तारी की घटना ने उत्तराखंड से लगी नेपाल सीमा सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर आ गई थी। वर्तमान में चरस की तस्करी बढ़ गई है। पिछले एक साल के अंदर पकड़ में आए मामलों में पुलिस ने बनबसा और टनकपुर में बार्डर पर ही 14 मामलों में करीब 26 किलो चरस बरामद की गई है। इस ताजा मामले को लगाकर कुल 40 किलो चरस का कारोबार सुरक्षा एजेंसियों ने पकड़ा है।
सीओ आरएस रौतेला ने बताया कि भारत-नेपाल के सीमांत जिलों के अधिकारियों के बीच समय-समय पर होने वाली बैठकों में मादक पदार्थों की तस्करी का मामला प्रमुखता से उठता आया है। इसे लेकर दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां गंभीर हैं। उन्होंने बताया कि ताजा मामले में बड़े गिरोह की लिप्तता की आशंका के मद्देनजर जरूरी कार्रवाई की जा रही है। बहरहाल चरस तस्करी के पकड़ में आए इस ताजा मामले ने बार्डर की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वर्ष 2016 में टनकपुर बार्डर पर पकड़े गए चरस तस्करी के मामले
तिथि बरामद मात्रा गिरफ्तार आरोपी
1 मार्च 400 ग्राम एक तस्कर गिरफ्तार
5 जुलाई 450 ग्राम एक तस्कर गिरफ्तार
21 जुलाई 400 ग्राम एक तस्कर गिरफ्तार
21 जुलाई 300 ग्राम एक तस्कर गिरफ्तार
24 अगस्त 2 किलो एक नेपाल तस्कर गिरफ्तार
वर्ष 2016 में बनबसा बार्डर पर पकड़े गए चरस तस्करी के मामले
तिथि बरामद मात्रा गिरफ्तार आरोपी
29 अगस्त 4.6 किलो एक नेपाली महिला तस्कर
30 अगस्त 4.250 किलो एक नेपाली महिला तस्कर
30 अगस्त 4.250 किलो एक नेपाली महिला तस्कर
31 अगस्त 550 ग्राम खटीमा का एक तस्कर
22 सितंबर 1 किलो खटीमा का एक तस्कर
22 सितंबर 1.5 किलो खटीमा का एक तस्कर
2 अक्तूबर 6.650 किलो एक नेपाली महिला तस्कर
(आंकडे़ पुलिस रिकार्ड से लिए गए हैं)