भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा शुरू हो गई है। शुक्रवार रात दिल्ली से 19 नेपाली यात्रियों को लेकर शनिवार को साहिबाबाद डिपो की यूपी रोडवेज की बस (यूपी 33/ एटी 2535) बनबसा के रास्ते महेंद्रनगर (नेपाल) रवाना हुई। बस सेवा शुरू होने का भारत के साथ नेपाल में भी जोरदार स्वागत हुआ है।
देर शाम यह बस महेंद्रनगर से 44 यात्रियों को लेकर दिल्ली लौट गई जिसे महेंद्रनगर के डीएम ने रवाना किया। बस का प्रति व्यक्ति किराया 489 रुपये है। उल्लेखनीय है कि एक दिन नेपाल की बस चलेगी एक दिन भारत की बस नेपाल जाएगी। बस के चालक रमेश चौरसिया और परिचालक प्रमोद कुमार थे।
बस को शुक्रवार रात साहिबाबाद के निगम अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर दिल्ली से नेपाल के लिए रवाना किया। पिछले दिनों नेपाल के पूर्व पीएम और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई वार्ता के बाद दिल्ली से महेंद्रनगर के लिए भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा शुरू की गई है। शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई बीएम उप्रेती ने बताया कि भारत-नेपाल के झंडे बनी हुई उक्त बस प्रात: 6.05 बजे शारदा बैराज से महेंद्रनगर के लिए रवाना हुई है।