लोहाघाट नगर में नालियों के बाहर सड़कों में अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों को चेतावनी देते ईओ मो.?
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। नगर क्षेत्र में नाली से बाहर सामान लगाकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ पालिका ने अभियान शुरू कर दिया है। पालिका ने व्यापारियों को अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी। शनिवार को अधिशासी अधिकारी मो.इस्लाम के नेतृत्व में पालिका की टीम ने नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। टीम ने मीना बाजार, चौक बाजार, खड़ी बाजार और स्टेशन बाजार में व्यापारियों की दुकानों का निरीक्षण किया। ईओ ने नालियों से बाहर सामान लगाकर सड़क घेरने वाले व्यापारियों को नालियों से भीतर सामान लगाने के निर्देश दिए। ईओ ने कहा कि बाजार का नियमित निरीक्षण होगा। नियमों न मानने वाले व्यापारियों को बख्शा नहीं जाएगा। पालिका टीम के साथ सुमित गड़कोटी, प्रमोद महर, संदीप वाल्मीकि, कैलाश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
नगर पालिका ने हटाई अवैध रेत, बजरी
पिथौरागढ़। सीमांत जिले के नगरीय हिस्सों में लगातार अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। नगर पालिका ने रंधोला श्मशान घाट के पास अतिक्रमण कर अवैध तरीके से रेत, बजरी को स्टोर कर दिया। शिकायत मिलने के बाद नगर पालिका ने अवैध तरीके से रखे गए रेत, बजरी को हटा दिया है। नगर पालिका किसने अतिक्रमण कर रेत स्टोर की उस व्यक्ति का पता लगा रही है।
अतिक्रमण कारी श्मशान घाट की भूमि को भी नहीं छोड़ रहे हैं। नगर पालिका को लगातार शिकायतें मिल रही थी कि नगर पालिका के नाम रजिस्टर्ड भूमि रंधोला श्मशान घाट के पास अतिक्रमण कर रेत-बजरी को स्टोर किया जा रहा है। नगर पालिका की टीम ने जब छापा मारा पता चला कि 10 गाड़ी से अधिक रेत-बजरी स्टोर की है। नगर पालिका के ईओ दीपक गोस्वामी ने बताया कि नगर पालिका के नाम रजिस्टर्ड श्मशान घाट की भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध तरीके से रखे गए रेत-बजरी को नष्ट कर दिया है। उन्होंने बताया कि किस व्यक्ति ने अतिक्रमण कर रेत को स्टोर किया है। उसका पता लगाया जा रहा है। पता लगते ही उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। खनन विभाग से इस संबंध में पता किया जा रहा है।