जिला फुटबाल संघ के सौजन्य में जीआईसी खेल मैदान में अंडर-17 फुटबाल लीग प्रतियोगिता शुरू हो गई है। उद्घाटन मैच में ब्रह्मोस टीम ने अग्नि टीम को 1-0 से पराजित कर दूसरे चक्र में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन समिति को 11 हजार रुपये तथा विशिष्ट अतिथि कैलाश देव ने 5 हजार की धनराशि दी।
पहले हाफ में दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ के अंतिम क्षणों में ब्रह्मोस की टीम के परमेश ढेक ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में भी दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला लेकिन अग्नि टीम गोल करने में सफल नहीं हुई। रेफरी नवीन कनौजिया लाइनमैन सूरज बडेला, शरद धौनी रहे। इस मौके पर फुटबाल संघ के जिलाध्यक्ष प्रहलाद सिंह मेहता, विजय राय, संजय साह, जीवन राय, मुकेश साह आदि मौजूद रहे।