पंजाब एंड सिंध बैंक (पीएनएसबी) के कर्मचारी व व्यापारी के बीच सात मार्च को हुई मारपीट के मामले में बैंक प्रबंधन और व्यापारी आमने सामने आ गए हैं। व्यापारियों ने लीड बैंक प्रबंधक और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण को पत्र भेजकर बैंक कर्मी पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए बैंक प्रबंधक व स्टाफ का तबादला करने की मांग की है। 18 मार्च तक मांग पूरी न होने पर 19 मार्च से बैंक में तालाबंदी, धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। दूसरी इस मामले को लेकर सोमवार बैंक में कामकाज ठप रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि बैंक कर्मी आमतौर पर ग्राहकों को तंग करते हैं। सात मार्च को एक बैंक कर्मी ने स्थानीय दुकानदार के साथ मारपीट कर उन्हें डराया धमकाया। पुलिस को तहरीर देने, मुकदमा दर्ज होने के बाद भी इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। इससे व्यापारियों में काफी आक्रोश है। उन्होंने बैंक कर्मियों के तबादला करने की मांग की है। 18 मार्च तक मामले में कार्रवाई न होने पर 19 मार्च से बैंक में तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
ज्ञापन देने वालों में जिला पंचायत सदस्य भोला सिंह बोहरा, प्रकाश बोहरा, केशव दत्त भट्ट, जीवन सिंह, चतुर सिंह आदि शामिल थे।
इस मामले को लेकर सोमवार को बैंक कर्मियों ने भी व्यापारियों के रवैये पर विरोध जताया। इसके विरोध में सोमवार को पंजाब एंड सिंध बैंक में कोई काम नहीं हुआ। बैंक में लेन देने का कार्य ठप रहा। बैंक प्रबंधक का कहना है कि इस घटना के बाद बैंक कर्मी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पूरे मामले की जानकारी बैंक के मुख्यालय के अलावा चंपावत लीड बैंक और प्रशासन को भी दी गई है।
बैंक प्रशासन ने व्यापारियों के आरोप को निराधार बताया
रीठा साहिब। व्यापारियों की ओर से लगाए गए आरोपों को पीएनएसबी ने निराधार बताया है। बैंक प्रशासन का कहना है कि आरोप लगाने वाले एक व्यापारी ने रीठा साहिब बाजार में बैंक कर्मी के साथ अभद्रता और मारपीट की। शाखा प्रबंधक किशन सिंह भंडारी का कहना है कि इस घटना से बैंक कर्मी सुनील जत्सल डरे हुए हैं। इस मामले में रीठा साहिब थाने में तहरीर दी गई थी। इसके अलावा बैंक के उच्चाधिकारियों व प्रशासन को भी मामले की पूरी जानकारी दे दी गई है।
दोनों मामलों में केस दर्ज किया
थानाध्यक्ष खुशाल सिंह का कहना है कि इस मामले में दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ केस दर्ज दिया गया है। मामले में व्यापारी चतुर सिंह की तहरीर के आधार पर बैंक कर्मी सुनील जत्सल के खिलाफ, बैंक कर्मी सुनील जत्सल की तहरीर पर व्यापारी चतुर सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 223, 504 व 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
कोट
पीएनएसबी और स्थानीय लोगों के बीच चल रहे विवाद के चलते सोमवार को बैंक का काम बाधित रहा। विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों से संवाद किया जाएगा।-आनंद सिंह रावत, लीड बैंक प्रबंधक, चंपावत।